कपाली में भारी वाहनों के प्रवेश से सड़कों पर जाम, राहगीर परेशान – कौन हैं जिम्मेदार?

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली में भारी वाहनों के प्रवेश से सड़कों पर जाम, राहगीर परेशान – कौन हैं जिम्मेदार?

चांडिल, 24 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में इन दिनों दिन के समय में भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों का प्रवेश शुरू गया है। बालू, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री से लदे ट्रक, हाईवा व टिप ट्रेलर जैसे बड़े वाहन कपाली नगर परिषद क्षेत्र में प्रवेश करने से प्रमुख चौक-चौराहों पर आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।

जाम के कारण आम राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक कामकाज वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन लंबी कतारों में फंस जाते हैं, जिससे लोगों का समय भी बर्बाद होता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भारी वाहनों के प्रवेश के लिए निर्धारित समय का सख्ती से पालन कराया जाए, तो कपाली क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है। उनका आरोप है कि दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद नियमों का पालन नहीं हो रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

स्थानीय लोग पूछ रहे हैं कि नियम का उल्लंघन कर भारी वाहनों का प्रवेश कपाली क्षेत्र में हो रहा है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार हैं?

Share This Article