चांडिल, 04 मई : बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत की खबर मिलते ही झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। इसी कड़ी में चांडिल में भी जोरदार जश्न देखने को मिला। भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चांडिल बाजार में भव्य विजय जुलूस निकाला। जुलूस की शुरुआत भाजपा कार्यालय से हुई, जो गाजे-बाजे के साथ चौक बाजार तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। पूरे माहौल में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम”, “भारत माता की जय”, “जय भाजपा” और “वंदे मातरम” जैसे गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा चांडिल क्षेत्र गूंज उठा। भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि यह जनता के विश्वास और पार्टी की नीतियों की जीत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पार्टी और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह और जोश के साथ जीत का जश्न मनाया।