राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में जमशेदपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला दहन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में जमशेदपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला दहन

जमशेदपुर, 22 जुलाई : भारत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर के पास केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों की अनदेखी की जा रही है और उनकी आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। राजेश ठाकुर ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि छात्रों की तीन प्रमुख मांगें हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा तथा नीट परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मांगों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे राहुल गांधी के साथ बर्बर व्यवहार किया गया।

अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी केंद्र सरकार पर किसानों, खिलाड़ियों और छात्रों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

Share This Article