बैठक में उठीं बिजली व्यवस्था की खामियां, कुकड़ू में नियमित आपूर्ति और आधारभूत सुधार की मांग
कुकड़ू, 2 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति और बिजली व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को तिरुलडीह विद्युत फीडर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की उपस्थिति में जिला कार्यपालक अभियंता (विद्युत) लालजी महतो सहित विभागीय अधिकारियों और विभिन्न पंचायतों के बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने प्रखंड में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें विभाग के समक्ष रखीं। उन्होंने प्रखंड कुकड़ू को प्राथमिकता देते हुए पहले चरण में विद्युत व्यवस्था के व्यापक सुदृढ़ीकरण की मांग की।
बैठक में खुले बिजली तारों को केबल से बदलने, जर्जर एवं क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को हटाकर नए पोल लगाने, आवश्यकता के अनुसार गांवों में नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा लाइनमैन की नियुक्ति करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा बिजली मित्रों के माध्यम से प्रत्येक माह बिजली बिल की स्लिप वितरण एवं संग्रह, फीडर में अनुभवी कर्मियों की नियमित तैनाती तथा आकस्मिक बिजली बाधित होने की सूचना के लिए मोबाइल ग्रुप बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में किसानों को रैयती भूमि पर नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता द्वारा नियमित निरीक्षण कर मरम्मत कार्य की निगरानी करने तथा बिजली तार की चपेट में आने से पशुओं की मृत्यु होने पर मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
बैठक में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। विभागीय अधिकारियों ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करने और चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।