SIR के तहत उपायुक्त ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएलओ व बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला में कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

SIR के तहत उपायुक्त ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएलओ व बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला में कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा

सरायकेला, 22 जुलाई : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बीएलओ व बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला आयोजित की गई। इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-345, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति, गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ एवं बीएलए-2 से अब तक प्राप्त प्रपत्रों, डिजिटाइजेशन की प्रगति एवं लंबित कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए तथा प्रत्येक प्रविष्टि का सावधानीपूर्वक सत्यापन सुनिश्चित करते हुए कार्य को त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।

जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ व बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला का निरीक्षण संबंधित निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों (AERO) एवं प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ एवं बीएलए-2 को गणना प्रपत्रों के समयबद्ध डिजिटाइजेशन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य निष्पादन तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त के द्वारा किए जा रहे निरीक्षण के क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारी (AERO) सह अंचल अधिकारी अमित श्रीवास्तव, बीएलओ सुपरवाइजर, संबंधित बीएलओ, बीएलए-2 तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Share This Article