चांडिल : दलमा पहाड़ के रास्ते दर्दनाक हादसा, चेक डैम में गिरी बाइक, एक गंभीर—10 दिन बाद होने वाली थी शादी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 


चांडिल, 26 मार्च : नीमडीह थाना क्षेत्र के पाथरडीह निवासी बलराम सिंह मुंडा और चालियामा निवासी बुधु सिंह बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। दोनों दलमा पहाड़ के रास्ते से होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी चांडिल थाना क्षेत्र के टुईलूंग स्थित चेक डैम के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सीधे चेक डैम के गहरे पानी में जा समाई, जिससे दोनों युवक पानी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी “हाइवे किंग” शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं खोजबीन कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों की सूचना पर चांडिल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। ग्रामीणों के सहयोग से पहले दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को बाहर निकाला गया। इसके बाद बलराम सिंह मुंडा को गंभीर हालत में पानी से बाहर निकाला गया, जिसे पैर, हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया।

वहीं, दूसरे युवक बुधु सिंह को काफी देर तक तलाशने के बाद भी वह नहीं मिला। बाद में पता चला कि वह भी गहरे पानी में गिरा था लेकिन वह स्वयं बाहर निकलकर अपने साथी को छोड़कर घर भाग गया था। राहत की बात यह रही कि उसे गंभीर चोटें नहीं आईं।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रिश्तेदार दाराय बुरु हांसदा भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में सक्रिय सहयोग किया।

बताया जा रहा है कि घायल बलराम सिंह मुंडा की शादी महज 10 दिनों बाद तय थी, लेकिन इस हादसे के बाद उसकी हालत को देखते हुए शादी की तारीख आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article