मानगो में छठ और रामनवमी की तैयारियों पर मेयर का सख्त रुख, घाटों की सफाई और जलापूर्ति सुधार के दिए निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मानगो, 23 मार्च : आगामी चैत्र छठ पर्व और रामनवमी को लेकर मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता ने सोमवार को निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने छठ घाटों पर विशेष रूप से व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, अस्थायी शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रामनवमी को लेकर भी महापौर ने प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जुलूस मार्गों की सफाई, सड़कों की मरम्मत, नियमित जल छिड़काव, पेयजल की उपलब्धता और भीड़-प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान महापौर ने नगर आयुक्त को शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता से काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एक समग्र और दीर्घकालिक योजना तैयार की जाए, जिसमें जल स्रोतों की उपलब्धता, वितरण प्रणाली, पाइपलाइन नेटवर्क की स्थिति और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान शामिल हो।

महापौर ने कहा कि शहरवासियों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है और इस दिशा में जल्द ठोस पहल की जाएगी।

अंत में उन्होंने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाएं, ताकि छठ और रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

Share This Article