ग्राम पंचायतों के वित्तीय सशक्तिकरण हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, 11 प्रखंडों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

जमशेदपुर, 29 नवंबर : राज्य सरकार एवं पंचायती राज विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों के वित्तीय सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन 28 एवं 29 नवंबर को जिला पंचायत संसाधन केंद्र जमशेदपुर में किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी 11 प्रखंडों से पंचायती राज से संबंधित अधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को स्वयं के राजस्व स्रोत के बारे में जानकारी प्रदान करना तथा ग्राम स्तर पर राजस्व सृजन की क्षमता विकसित करना था।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय प्रशिक्षक अजय कुमार मिश्र एवं सुशांत कुमार ढोके ने प्रतिभागियों को तकनीकी, प्रबंधन एवं व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रमुख विषयों में पंचायतों के स्वयं के राजस्व स्रोतों की पहचान और वर्गीकरण, OSR संवर्धन हेतु रणनीतियों का निर्माण, कर भुगतान के प्रति ग्रामीणों में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उपाय, पंचायत योजनाओं में OSR के पारदर्शी उपयोग की प्रक्रिया तथा PPP मॉडल, CSR फंड एवं स्थानीय निवेश जैसे नवीन वित्तीय विकल्प शामिल रहे।
समूह कार्य, चर्चा और केस स्टडी जैसे गतिविधि-आधारित सत्रों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया। साथ ही विभागीय नीतियों, डिजिटल उपकरणों और डेटा-आधारित योजना निर्माण के उपयोग से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। समापन सत्र में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत राज पदाधिकारी रिंकू कुमारी एवं डीपीएम राजू झा द्वारा किया गया।



