सोशल मीडिया पोस्ट से भड़की JLKM में अंदरूनी जंग, बच्चों की तरह लड़ रहे JLKM के पदाधिकारी, घंटों थाने में चला हाई वोल्टेज ड्रामा – पुलिस हुई परेशान

MANBHUM UPDATES
5 Min Read

सोशल मीडिया पोस्ट से भड़की JLKM में अंदरूनी जंग, बच्चों की तरह लड़ रहे JLKM के पदाधिकारी, घंटों थाने में चला हाई वोल्टेज ड्रामा – पुलिस हुई परेशान

चांडिल, 16 मार्च : झारखंड की राजनीति में तेजी से उभर रही JLKM (झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा) पार्टी इन दिनों अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के आपसी विवाद के कारण चर्चा में है। महज दो वर्ष पहले गठित इस पार्टी ने 2024 के विधानसभा चुनाव में सभी बड़े दलों को कड़ी चुनौती दी थी और इसके केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो राज्य की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हो चुके हैं।
वर्तमान विधानसभा सत्र में जहां विधायक जयराम महतो जनता से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाकर सुर्खियों में हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी के कुछ नेता और कार्यकर्ता आपसी विवाद में उलझकर संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला चांडिल क्षेत्र का है, जहां एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद मारपीट और थाना तक पहुंच गया।

फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात चांडिल के सुखसारी निवासी तथा JLKM के केंद्रीय संगठन सचिव फुलचाँद महतो ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पार्टी के कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो पर तंज कसते हुए एक पोस्ट किया। पोस्ट में लिखा गया था

“जहां-जहां कोल्हान अध्यक्ष जाएगा, वहां कभी नहीं जीतेगा, लिख के रख लीजिए।”
यह पोस्ट सामने आते ही संगठन के अंदर विवाद शुरू हो गया। पोस्ट की जानकारी मिलने के बाद कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो ने नाराजगी जताते हुए चांडिल पुलिस को इसकी सूचना दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने फुलचाँद महतो को फोन कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की सलाह दी, जिसके बाद उन्होंने पोस्ट को फेसबुक से हटा दिया।

घर पहुंचकर धमकी और रंगदारी मांगने का आरोप

इस बीच फुलचाँद महतो ने गंभीर आरोप लगाया कि रविवार रात नवीन महतो अपने कई समर्थकों के साथ उसके घर पहुंचे और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। हालांकि, दोनों ही पक्ष एक ही संगठन से जुड़े होने के कारण रंगदारी मांगने के आरोप को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

सोमवार सुबह फिर आमने-सामने, मारपीट का आरोप

सोमवार सुबह एक बार फिर विवाद बढ़ गया। बताया जाता है कि नवीन महतो अपने कुछ समर्थकों के साथ सुखसारी स्थित फुलचाँद महतो के घर पहुंचे। नवीन महतो का कहना है कि वे आपसी विवाद को समाप्त करने के लिए वहां गए थे, जबकि फुलचाँद महतो ने आरोप लगाया कि नवीन और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर से धमकी दी।सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद स्थिति बिगड़ गई और मारपीट की नौबत आ गई। सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और नवीन महतो समेत उनके कुछ समर्थकों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।

थाना परिसर में चार घंटे तक हंगामा
इधर, फुलचाँद महतो भी अपने समर्थकों के साथ चांडिल थाना पहुंच गए और नवीन महतो व उनके साथियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। करीब चार घंटे तक थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिससे पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जयराम महतो की फटकार के बाद समझौता

मामले को बढ़ता देख विधायक जयराम महतो ने दोनों पक्षों से फोन पर बातचीत कर कड़ी फटकार लगाई और विवाद समाप्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हो गए और मामला शांत कराया गया।

सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू, समझौते पर खत्म

कुल मिलाकर, एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद रविवार रात से सोमवार दोपहर तक चलता रहा। इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप, मारपीट, थाना में हंगामा और अंततः समझौता—इन सब घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया।हालांकि विवाद फिलहाल शांत हो गया है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने JLKM के अंदरूनी मतभेदों को उजागर कर दिया और पुलिस को भी अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ा।

Share This Article