झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के आसार, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रांची, 16 मार्च : झारखंड में आने वाले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बादलों की गर्जना, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी होने की संभावना है।
विभाग ने रांची, खूँटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
17 से 19 मार्च तक जारी रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
18 मार्च को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा और राँची सहित करीब 18 जिलों में तेज हवा के साथ वज्रपात की स्थिति बन सकती है। वहीं 19 मार्च को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में भी थोड़ी गिरावट आ सकती है।
राजधानी समेत कई जगहों पर बदला मौसम
राजधानी रांची सहित कई जिलों में सोमवार को आसमान में घने बादल छाए रहे। रांची शहर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई।
लोगों के लिए सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव से राज्य में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, हालांकि तेज हवा और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।



