गुरुग्राम हादसा : मृत श्रमिकों के परिवारों को 20-20 लाख का चेक, नौकरी का ऑफर लेटर भी मिला

नई दिल्ली/रांची, 12 मार्च : हरियाणा के गुरुग्राम में हुए दर्दनाक हादसे में झारखंड के पूर्वी सिंहभूम व ईचागढ़ के छह तथा राजस्थान के भरतपुर के एक श्रमिक की मौत के बाद प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान की गई। गुरुग्राम में रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने सभी मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये का चेक सौंपा। इसके साथ ही प्रत्येक परिवार को 20-20 हजार रुपये नगद सहायता भी दी गई।
जानकारी के अनुसार जिस कंपनी में ये श्रमिक कार्यरत थे, उसके अधिकारियों ने मृतकों के आश्रितों को रोजगार देने के लिए ऑफर लेटर भी प्रदान किया है। साथ ही सभी मृतकों के पार्थिव शरीर एंबुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांव ईचागढ़ और पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका भेज दिए गए।
बताया गया कि देर रात रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी से बात की थी और स्वयं भी गुरुग्राम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन, संबंधित कंपनी और मृतकों के परिजनों के बीच बैठक हुई, जिसमें प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने पर सहमति बनी।
इसके बाद गुरुवार को रक्षा राज्य मंत्री पुनः गुरुग्राम पहुंचे और सबसे पहले सभी पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक गांव भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। उन्होंने बताया कि संबंधित कंपनी की ओर से सभी परिवारों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा चेक के माध्यम से दिया गया है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से भी विभिन्न प्रक्रियाओं के तहत प्रत्येक परिवार को 19-19 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्तों को गुरुग्राम जिला प्रशासन के संपर्क में रहकर कागजी कार्रवाई में सहयोग करने का निर्देश दिया है, ताकि प्रभावित परिवारों को अधिकतम सहायता मिल सके।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि यह सब हरियाणा के मुख्यमंत्री के निर्देश और संवेदनशील पहल से संभव हो पाया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति मुख्यमंत्री की सहृदयता और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
मुआवजा चेक वितरण के दौरान गुरुग्राम के जिलाधिकारी अजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, अनुमंडल अधिकारी दर्शन यादव, सहायक श्रमायुक्त अनिल शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



