आदित्यपुर में फायरिंग मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; हथियार व कारतूस बरामद

सरायकेला, 12 मार्च : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में युवक पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार आदित्यपुर थाना में 03 मार्च 2026 को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था।
इसकी जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि 2 मार्च को कांड के नामजद अभियुक्त शुभम सरकार और राज लोहार ने वादी राजवीर सिंह उर्फ लालू (19 वर्ष) एवं उनके साथी आशीष दीप पर जान मारने की नीयत से गोली चलाई थी। घटना के दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे राजवीर सिंह को गोली लग गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच में भर्ती कराया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सर्वेया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोडेड देशी पिस्टल, दो देशी कट्टा, एक मैगजीन, 7.65 एमएम के 16 जिंदा कारतूस तथा 315 एमएम के 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही एक टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम सरकार (22 वर्ष), पिता संजय सरकार, निवासी सिरिस भट्टा मांझी टोला, काली मंदिर के पास, थाना आदित्यपुर तथा राज लोहार (19 वर्ष), पिता गोपाल लोहार, निवासी मांझी टोला, दुर्गा मंदिर के पास, थाना आदित्यपुर के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सर्वेया, आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की, पुलिस अवर निरीक्षक राजेंद्र कुमार, विनोद टुडू, रमण कुमार विश्वकर्मा, अमीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक महेश उरांव तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



