रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री के निर्देश पर घरेलू LPG के आपूर्ति पर प्रशासन हुआ सख्त – होली के कारण हुई थी अस्थायी दिक्कत, अब स्थिति सामान्य

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री के निर्देश पर घरेलू LPG के आपूर्ति पर प्रशासन हुआ सख्त – होली के कारण हुई थी अस्थायी दिक्कत, अब स्थिति सामान्य

 

रांची, 10 मार्च : घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सामने आई शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा करते हुए गैस कंपनियों और एजेंसियों के साथ बैठक की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान सप्लाई चेन में आए अस्थायी व्यवधान के कारण कुछ समय के लिए वितरण प्रभावित हुआ था, लेकिन अब स्थिति सामान्य है और उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में आई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

गैस कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दौरान परिवहन और सप्लाई चेन में कुछ समय के लिए व्यवधान उत्पन्न हो गया था, जिसके कारण कई क्षेत्रों में सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हुई। हालांकि अब आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो चुकी है और नियमित रूप से गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक में बताया गया कि उपभोक्ताओं द्वारा सिलेंडर की बुकिंग किए जाने के बाद सामान्य परिस्थितियों में 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी दी जा रही है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन पहले कर लें, ताकि समय पर डिलीवरी मिल सके और किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि यदि किसी उपभोक्ता का सिलेंडर 25 दिन की अवधि से पहले समाप्त हो जाता है, तो ऐसे उपभोक्ताओं को बिना बुकिंग के 5 किलोग्राम और 2 किलोग्राम के छोटे एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर डोरस्टेप डिलीवरी की सुविधा ले सकते हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय ने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए गैस कंपनियों और एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय किया जा रहा है। बैठक के दौरान गैस एजेंसियों से छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता और उनके वितरण की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली गई।

प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे समय पर सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

Share This Article