चांडिल में सड़क हादसों की कड़ी, अलग-अलग दुर्घटनाओं में कई घायल, एक की हालत गंभीर
चांडिल, 14 जनवरी : चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसों की एक के बाद एक घटनाएं सामने आईं। चिलगु–शहरबेड़ा पुल पर आज सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांदरबेड़ा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के कर्मी रूपक कुमार चिलगु से नाश्ता पार्सल लेकर पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कदमा से चांडिल की ओर बाइक से आ रहे शैकत चौधरी एवं अभिषेक कुमार से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शैकत चौधरी और रूपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अभिषेक कुमार को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही चिलगु निवासी हाईवे किंग शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे और मानवीय पहल करते हुए सभी घायलों को उठाकर स्थानीय क्लिनिक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। इसी स्थान पर दुर्घटना के कुछ ही देर बाद एक और हादसा हो गया, जब बाइक पर सवार तीन लोग अनियंत्रित होकर गिर पड़े। शेखर गांगुली ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को भी स्थानीय क्लिनिक पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। उधर, मंगलवार देर रात चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची हाईवे पर नरगाडीह के समीप बजाज पल्सर बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। दोनों की पहचान भुईयाडीह निवासी शिवा लायेक एवं आकाश लायेक के रूप में हुई है। हादसे में शिवा लायेक को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं आकाश लायेक को हल्की चोटें आईं, जिन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में उपचार के बाद छोड़ दिया गया। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से उक्त क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण, चेतावनी संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।