जमशेदपुर में पार्किंग व्यवस्था होगी मजबूत, साकची-बिष्टुपुर में नए पार्किंग जोन बनाने की तैयारी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर में पार्किंग व्यवस्था होगी मजबूत, साकची-बिष्टुपुर में नए पार्किंग जोन बनाने की तैयारी

 

जमशेदपुर, 06 मार्च : शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए गए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के कार्यालय में उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में नगरपालिका तकनीकी मार्ग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान शहर में पार्किंग सुविधाओं के सृजन और विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रमुख बाजार क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानों की पहचान कर नए पार्किंग स्पेस विकसित किए जाएं। साथ ही मौजूदा पार्किंग स्थलों को और बेहतर बनाने तथा उनके प्रभावी प्रबंधन की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएं। वर्तमान में कार्यरत पार्किंग संवेदकों को यह भी निर्देश दिया गया कि पार्किंग कर्मियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में विशेष रूप से साकची और बिष्टुपुर क्षेत्र में नए पार्किंग जोन विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई, ताकि व्यस्त बाजार क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

इसके अलावा शहर की प्रमुख सड़कों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नो-पार्किंग जोन का स्पष्ट सीमांकन करने के निर्देश दिए गए, जिससे सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग के कारण होने वाली यातायात बाधाओं को कम किया जा सके।

सड़क किनारे अनियमित वेंडिंग को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से नए वेंडिंग जोन विकसित करने पर भी बल दिया गया, ताकि फुटपाथ और सड़कों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके और यातायात प्रभावित न हो।

उप नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में उपलब्ध कुल पार्किंग क्षमता और पंजीकृत वाहनों की संख्या का आकलन किया जाए, जिससे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समुचित पार्किंग अवसंरचना विकसित की जा सके। उन्होंने आम नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की कि अपने प्रतिष्ठानों के सामने सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखें, अन्यथा एनफोर्समेंट टीम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ट्रैफिक पुलिस के प्रतिनिधि, टाटा स्टील के प्रतिनिधि, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी तथा सिटी मैनेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article