सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता ने जमशेदजी टाटा को किया नमन, जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

जमशेदपुर, 03 मार्च : भारत के महान उद्योगपुरुष जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती के अवसर पर मानगो की मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि जमशेदजी टाटा ने लौहनगरी जमशेदपुर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने का जो सपना देखा था, वह आज साकार रूप में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यहां रहने वाले हर वर्ग के नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की उनकी सोच ही जमशेदपुर की विशेष पहचान बनी। उनकी दूरदर्शी सोच और योजनाबद्ध विकास का ही परिणाम है कि जमशेदपुर आज देश के प्रमुख एवं उन्नत शहरों में शुमार है और विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान रखता है।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि पूरा जमशेदपुर टाटाजी का ऋणी है। उन्होंने विश्वस्तरीय सुविधाओं और आधुनिक सोच के साथ इस शहर को बसाया तथा हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया। उनके प्रयासों से जमशेदपुर का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हम ऐसे महान व्यक्तित्व की कर्मभूमि जमशेदपुर के निवासी हैं।
जयंती के अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी टाटाजी को शत-शत नमन करते हुए उनके आदर्शों, स्वच्छता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और समर्पण को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।



