होली की खुशियां मातम में बदलीं – चांडिल में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

होली की खुशियां मातम में बदलीं – चांडिल में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग

 

चांडिल, 04 मार्च : होली पर्व की उमंग के बीच सरायकेला–खरसावां जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने खुशियों को मातम में बदल दिया। चांडिल थाना क्षेत्र और कपाली ओपी क्षेत्र में हुए इन हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

 

पहली घटना टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिलगु स्थित पुल के पास हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांड्रा थाना क्षेत्र के छोटा बड़ामारी निवासी 33 वर्षीय लोसो मुर्मू मोटरसाइकिल से चिलगु से कांदरबेड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक करीब 100 मीटर दूर उछलकर जा गिरा। सड़क किनारे लगी रेलिंग से सिर टकराने के कारण उनका सिर गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता शेखर गांगुली घटनास्थल पर पहुंचे और चांडिल पुलिस को इसकी जानकारी दी। उनके माध्यम से ही मृतक के परिजनों को भी सूचित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया और अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

दूसरी दुर्घटना कपाली ओपी अंतर्गत डोबो गांव के पास कांदरबेड़ा–डोबो मार्ग पर हुई। जमशेदपुर की ओर जा रहा लोहे की पत्तियों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था और संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ। पलटने के बाद ट्रेलर पर लदी लोहे की पत्तियां चारों ओर बिखर गईं।

इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के बारीडीह कॉलोनी निवासी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

 

सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उक्त मार्गों पर यातायात नियंत्रण, गति सीमा का सख्ती से पालन और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article