NITI Aayog के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत कुकड़ू में 40 सूचकों की समीक्षा

कुकड़ू, 25 फरवरी : NITI Aayog के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड कार्यालय में 40 सूचकों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी निर्धारित सूचकों की प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं अभिसरण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से “सम्पूर्णता अभियान” के छह प्रमुख प्रदर्शन सूचकों (केपीआई) पर फोकस करने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
आकांक्षी प्रखंड फेलो सागर कुमार ने सभी 40 सूचकों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन तथा कौशल विकास जैसे विषयगत क्षेत्रों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।
बैठक के अंत में क्षेत्र स्तर पर कार्यों में तेजी लाने, निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा नियमित प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम के लक्ष्यों की सफल प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. हरेलाल महतो, जेएसएलपीएस के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार दुबे, चिकित्सा पदाधिकारी इचागढ़ डॉ. अनुपम घोषाल, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अश्विनी कुमार, Public Health Engineering Department के कनीय अभियंता सुनील बाखला, बीटीएम हिमांशु कुमार, बीपीएम शिक्षा सुचित्रा महतो, बीपीएम स्वास्थ्य (नीमडीह) रामेश्वर तिर्की तथा महिला पर्यवेक्षिका मीनाक्षी पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



