माइकिंग नहीं, पर्यावरणीय विवेक चाहिए – जानें हाथियों और मनुष्यों के बीच टकराव का क्या है कारण

Manbhum Updates
4 Min Read

माइकिंग नहीं, पर्यावरणीय विवेक चाहिए – जानें हाथियों और मनुष्यों के बीच टकराव का क्या है कारण

 

हर बीतते दिन के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से हाथियों के उत्पात की खबरें आम होती जा रही हैं। खेतों का रौंदा जाना, घरों का तोड़ा जाना और कभी-कभी निर्दोष ग्रामीणों की जानें जाना, अब एक सामान्य खबर बन चुकी है। वन विभाग की ओर से इन घटनाओं के जवाब में माइकिंग कर ग्रामीणों को चेताया जाता है – “हाथियों से सावधान रहें, घर से बाहर न निकलें।”

प्रश्न यह है कि क्या यही है हमारे पास एकमात्र उपाय? क्या माइक से दी गई चेतावनी जंगलों से उजड़े हाथियों को गांवों में आने से रोक सकती है? वास्तविकता यह है कि यह माइकिंग नहीं, बल्कि प्रशासनिक असहायता और पर्यावरणीय नीति की विफलता का प्रतीक है।

वर्षों पहले जब जंगल संपूर्ण और सुरक्षित थे, जब हाथियों के लिए पर्याप्त जल, भोजन और मार्ग उपलब्ध था, तब शायद ही ऐसी घटनाएं घटती थीं। परंतु आज जब हम मनुष्य ने खुद अपने हाथों से जंगलों को काट डाला, खनन की चपेट में प्राकृतिक गलियारों को छीन लिया, तब हाथियों का गांवों की ओर रुख करना कोई विस्मय की बात नहीं।

वन विभाग का कार्य केवल चेतावनी देना नहीं, बल्कि समस्या की जड़ तक जाकर समाधान प्रस्तुत करना है। हाथियों की पारंपरिक राहों पर रेल लाइनें बिछा देना, उद्योग स्थापित कर देना या राजमार्ग खींच देना, कहीं न कहीं इस संघर्ष की बुनियाद है। परिणामस्वरूप वन्यजीव और मानव अब आमने-सामने हैं, और बीच की दूरी सिमटती जा रही है।

हमें यह समझना होगा कि हाथी जंगल का अतिक्रमण नहीं कर रहे, बल्कि हम ही उनके जीवनक्षेत्र में घुसपैठ कर चुके हैं। आधुनिकता के अंध दौड़ में हम भूलते जा रहे हैं कि प्रकृति केवल संसाधन नहीं, सह-अस्तित्व की जमीन है।

सिर्फ माइकिंग कर देने से हाथियों का मार्ग नहीं बदलेगा। ग्रामीणों की सुरक्षा केवल चेतावनियों से नहीं सुनिश्चित होगी। इसके लिए चाहिए दूरदर्शी नीति, ईमानदार कार्यप्रणाली और मानवीय संवेदना।

जिन इलाकों में हाथियों की नियमित आवाजाही होती है, वहां पारंपरिक हाथी गलियारों को फिर से सुरक्षित घोषित किया जाए। विकास परियोजनाओं से पहले सही मायनों में पर्यावरणीय प्रभाव का आंकलन किया जाए। ग्रामीणों को आधुनिक तकनीक से युक्त दीर्घकालिक सुरक्षा उपाय (जैसे सौर बाड़, सामुदायिक रात्रि विश्राम केंद्र, वैकल्पिक खेती) उपलब्ध कराए जाएं।

वन विभाग को भी चाहिए कि वह मूकदर्शक न बने। हाथियों की संदिग्ध मौतें केवल आँकड़े नहीं, बल्कि व्यवस्था की संवेदनहीनता की कहानी बयां करती हैं।

आज जरूरत है आत्ममंथन की। प्रकृति की चेतावनी को केवल ‘सुनने’ नहीं, ‘समझने’ की। यदि हम इसी राह पर बढ़ते रहे, तो आने वाले समय में यह संघर्ष केवल गांवों तक सीमित नहीं रहेगा – वह हमारे शहरों और सभ्यता के केंद्र तक पहुंचेगा।

समाधान तभी संभव है जब हम माइक की जगह मन की चेतना को जागृत करें।

Share This Article