दलमा में कल होगा महा जन सम्मेलन, 84 मौजा के 135 गांवों से जुटेंगे ग्रामीण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दलमा में कल होगा महा जन सम्मेलन, 84 मौजा के 135 गांवों से जुटेंगे ग्रामीण

चांडिल, 24 फरवरी : दलमा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और प्रस्तावित विकास योजनाओं को लेकर बुधवार, 25 फरवरी को एक दिवसीय महा जन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन चांडिल के माकुलोचा फुटबॉल मैदान में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच, कोल्हान प्रमंडल द्वारा किया जा रहा है।

 

तैयारियां पूरी, प्रशासन को दी गई सूचना

आयोजक समिति ने बताया कि सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, ग्रामीणों के बैठने की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। विभिन्न गांवों से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था की गई है ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को पूर्व सूचना दी गई है और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सहयोग का अनुरोध किया गया है।

 

84 मौजा के 135 गांवों की भागीदारी

आयोजकों के अनुसार दलमा तराई क्षेत्र के 84 मौजा अंतर्गत 135 गांवों के ग्रामीण सम्मेलन में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है। ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

 

विकास योजनाओं व स्थानीय मुद्दों पर होगी चर्चा

 

सम्मेलन में दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों, ईको-टूरिज्म योजना, भूमि व वनाधिकार, विस्थापन की आशंका तथा अन्य स्थानीय जनसमस्याओं पर सामूहिक चर्चा की जाएगी। मंच के माध्यम से ग्रामीण अपनी राय रखेंगे और आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।

 

आयोजक समिति ने स्पष्ट किया है कि सम्मेलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से आयोजित किया जाएगा। क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।

Share This Article