अनाथ कन्या के विवाह में ‘श्री शनिदेव भक्त मंडली’ का सराहनीय सहयोग

चांडिल, 24 फरवरी : सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में अग्रणी संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली ने एक बार फिर मानवीय पहल का परिचय दिया है। मंडली ने मंडली पुत्री वर्षा चौधरी के विवाह में आर्थिक एवं सामग्री सहयोग प्रदान कर समाज के सामने सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
वर्षा चौधरी का विवाह 25 फरवरी को कुकड़ू प्रखंड के दुलमी गांव स्थित दुर्गा मंदिर में संपन्न होगा। मंडली अनाथ कन्याओं एवं मंदिर परिसर में संपन्न होने वाले जरूरतमंद परिवारों के विवाह में सहयोग करती रही है। इस मामले को मंडली के चांडिल शाखा सदस्य संदीप हाजरा ने संस्था के समक्ष रखा था।
मंडली के सदस्य आदित्यपुर से लगभग दो घंटे की यात्रा कर दुलमी गांव पहुंचे और दान सामग्री के रूप में एक लकड़ी का पलंग, स्टील आलमारी, लकड़ी का ड्रेसिंग टेबल, मैट्रेस सहित अन्य आवश्यक सामान प्रदान किया। इस सहयोग में मंडली द्वारा कुल 20,300 रुपये व्यय किए गए।
इस पुनीत कार्य में मंडली के संस्थापक सह संरक्षक के साथ अध्यक्ष राजेश चांचरा, सचिव उज्ज्वल घोष, आशीष बनर्जी, मानिक गोराई, गौरांगो धर, भागीरथ गोराई एवं संदीप हाजरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मंडली पदाधिकारियों ने समाज से नवविवाहित दंपति के सुखद और समृद्ध दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद देने की अपील की। संस्था के इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



