कपाली पुलिस ने सक्रिय अपराधी को अवैध हथियार के साथ धर-दबोचा

चांडिल, 04 अक्टूबर : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में सक्रिय अपराधकर्मी मो० साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बनाने का आरोप है।
गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल के निर्देशन में छापेमारी दल का गठन किया गया। 03 अक्टूबर को साततल्ला मैदान, डांगोरडीह और कपाली क्षेत्र में अभियान चलाकर साजिद को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अपराधी के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल, एक लोडेड देशी कट्टा, तीन जिंदा गोलियाँ और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर सभी वस्तुएँ विधिवत जप्त की गई हैं।
साजिद अंसारी पर पहले भी चोरी, लूट, आयुध अधिनियम उल्लंघन और गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
अभियुक्त को पकड़ने में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविन्द बिनहा, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधानकर्ता रंजीत कुमार सिंह, अन्य पुलिसकर्मी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने प्रेस कांफ्रेंस में उपरोक्त जानकारी दी है। एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस अधिकारियों को दें।



