चांडिल, 03 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ चांडिल के रुचाप में रह रहा था और मूल रूप से बिहार का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार सिंह बीती रात अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने पैतृक गांव (बिहार) जा रहा है। लेकिन आज सुबह उसका शव चांडिल बाईपास रोड पर स्थित सरकारी शराब दुकान के समीप बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक पेशे से सब्जी विक्रेता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।