नितिन नबीन से मिले सुदेश महतो, एनडीए को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नितिन नबीन से मिले सुदेश महतो, एनडीए को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा

नई दिल्ली/रांची, 23 फरवरी  : भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो के बीच नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में शिष्टाचार मुलाकात हुई। श्री नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली औपचारिक भेंट थी।

मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और अधिक सशक्त होगा तथा संगठनात्मक समन्वय को नई मजबूती मिलेगी।

बैठक में विशेष रूप से झारखंड में एनडीए को मजबूत करने की रणनीति, सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल तथा जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही आसन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया और गठबंधन की भूमिका पर मंथन हुआ।

मुलाकात के बाद सुदेश महतो ने अपने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि एनडीए का संकल्प राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का है। उन्होंने भरोसा जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में गठबंधन की एकता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा जनसेवा और विकास की राजनीति को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

इस मुलाकात को आगामी चुनावी परिदृश्य और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Article