
सरायकेला, 10 अप्रैल : आदित्यपुर थाना अंतर्गत सालडीह बस्ती में सात अप्रैल को सुबह 06:55 बजे स्वपन कुमार दास के घर पर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने तीन व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, मैगजीन में भरी हुई 04 जिंदा गोली और एक स्कूटी बरामद किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि इस कांड के उदभेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एक छापामारी टीम गठित किया गया था। गठित टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य के आधार कांड में संलिप्त तीन अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधकर्मियों में त्रिपुरारी कॉलोनी, रोड नंबर 1, मांझी टोला, आदित्यपुर स्थायी पता कालीमाटी नियर राम मंदिर गालुडीह के रहने वाले 20 वर्षीय चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा, सालडीह बस्ती, आदित्यपुर स्थायी पता सिरुम, थाना नीमडीह, जिला सरायकेला- खरसावां निवासी 24 वर्षीय राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला और रामजनम नगर, रोड नंबर 6, कदमा, जिला पूर्वी सिंहभूम स्थायी पता कोयरी बिगहा, थाना पलवरपुर, जिला नालंदा (बिहार) के रहने वाले 20 वर्षीय प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी उर्फ प्रेम बच्चा को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों अपराकर्मियों का पूर्व का भी अपराधिक इतिहास रहा है।
तीनों के खिलाफ आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज है। चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा के खिलाफ एक, प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी उर्फ प्रेम बच्चा के खिलाफ एक और राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज है। उन्होंने बताया कि 03 अप्रैल को सालडीह बस्ती में पथराव एवं हथियार लहराने की घटना में भी उक्त तीनों की संलिप्तता रही है। उस समय घटनास्थल से दो जिंदा गोली एवं मैगजीन भी बरामद किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा, राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला और प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी उर्फ प्रेम बच्चा को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
चांडिल – पुरुलिया मार्ग होगा जाम मुक्त
ओवरब्रिज निर्माण कार्य हुआ तेज


