राजकीय चैत्र पर्व छौ महोत्सव के लिए सीएम हेमंत सोरेन को आमंत्रित करते हुए डीसी नीतीश कुमार सिंह
रांची, 10 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने शुक्रवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को सरायकेला-खरसावां जिले में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय चैत्र पर्व -सह- छऊ महोत्सव 2026 में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। यह महोत्सव 11 से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने इस महोत्सव के आयोजन से संबंधित तैयारियों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
इस वर्ष के छऊ महोत्सव में प्रसिद्ध स्थानीय छऊ कलाकारों के साथ विभिन्न राज्यों के कलाकारों एवं प्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा तथा इंडियन आइडल के कलाकार प्रियंगशु दत्ता भी अपनी प्रस्तुति देंगे, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा। तीन दिनों तक जिले के छऊ टीमों का प्रतियोगिता कराया गया था, जिसके विजेता भी मुख्य कार्यक्रम के दिन अपना प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव के दौरान मुख्य कार्यक्रम स्थल बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में विकास मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जिले के लिए प्रसिद्ध फूड आइटम्स एवं स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं की पहचान एवं बिक्री हेतु स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन एवं आमजन को विविध सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।