
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा बिरसानगर, 20 वर्षों से चली आ रही सावन जलाभिषेक की परंपरा में उमड़ा आस्था का सैलाब
जमशेदपुर, 10 अगस्त : सावन के पावन महीने में भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा बिरसानगर जोन नंबर-3 में देखने को मिला। यहां स्थित शिव मंदिर में पिछले करीब 20 वर्षों से चली आ रही सावन जलाभिषेक की परंपरा के तहत श्रद्धालुओं ने भव्य जलयात्रा निकाली। गाजे-बाजे और भगवान शिव के जयघोष के बीच महिला और पुरुष श्रद्धालु हुरलुंग पुलिया के समीप स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष बबलू गोप ने बताया कि श्रद्धालु पहले बिरसानगर जोन नंबर-3 स्थित शिव मंदिर परिसर से हुरलुंग के लिए रवाना हुए। स्वर्णरेखा नदी से जल भरने के बाद श्रद्धालु कतारबद्ध होकर वापस मंदिर पहुंचे। इस दौरान पूरा इलाका ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
बबलू गोप ने बताया कि मंदिर की स्थापना वर्ष 1983 में हुई थी। स्थापना काल से ही सावन के महीने में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का आयोजन किया जाता रहा है। करीब दो दशक से जलाभिषेक यात्रा की परंपरा लगातार जारी है और प्रत्येक वर्ष इसमें श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ रही है।
कार्यक्रम में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए। उनके शामिल होने से मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। समिति की ओर से उन्हें आगामी 17 अगस्त को बारीडीह बस्ती से सूर्य मंदिर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया गया है।
मंदिर समिति में करीब 51 सदस्य हैं। समिति अध्यक्ष ने बताया कि इसी मंदिर परिसर में इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन भी किया जाएगा। समिति की ओर से इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।



