आदित्यपुर नगर निगम के बूथ 13/1 से 13/3 की बदहाल स्थिति, ताला तोड़कर घुसी पोलिंग टीम

आदित्यपुर, 22 फरवरी : आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत मंजही टोला स्थित बूथ संख्या 13/1 से 13/3 तक के मतदान केंद्र की स्थिति काफी जर्जर पाई गई। मतदान दल को भवन में प्रवेश के लिए ताला तोड़ना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा पहले ताला खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पोलिंग टीम ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। भवन की हालत खस्ताहाल बताई जा रही है। परिसर में लगा पंखा खराब पड़ा है, जिससे गर्मी और उमस की समस्या बनी हुई है।
भवन में शौचालय तो मौजूद है, परंतु उसमें पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा परिसर में मच्छरों का अत्यधिक प्रकोप है, जिससे मतदान कर्मियों और मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मतदान से पूर्व आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त की जाएं, ताकि स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित हो सके।



