सत्येंद्र नारायण पासवान के तबादले के साथ फिर खाली हो गया कुकडू में अंचल अधिकारी का पद

वर्ष 2009 में बने कुकडू प्रखंड में एक बार कुछ महीनों के लिए एक साथ रहे बीडीओ और सीओ
कुकडू, 01 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले कर कुकडू प्रखंड सह अंचल कार्यालय अपने गठन के बाद अधिकांश समय तक प्रभार में चला है। गठन के बाद कुकडू को एक बार कुछ महीनों के लिए अंचल अधिकारी मिला, लेकिन गुरुवार की देर शाम सरकार की ओर से किए गए तबादले के बाद कुकडू एक बार फिर अंचल अधिकारी विहिन हो गया है। दरअसल गुरुवार की शाम झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने 96 राजस्व पदाधिकारियों का तबादला कर प्रशासनिक फेरबदल किया है। अधिसूचना में अंचल अधिकारी, विशेष सर्वेक्षण पदाधिकारी और भूमि सुधार उप समाहर्ता स्तर के पदाधिकारियों का तबादला व पदस्थापना किया गया है।
चांडिल अनुमंडल के तीन सीओ का तबादला
इस क्रम में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के तीन अंचल अधिकारियों का तबादला किया गया है, इनमें चांडिल, नीमडीह और कुकडू शामिल हैं। चांडिल के अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तब का तबादला करते हुए चांडिल में प्रदीप कुमार महतो का पदस्थापना किया गया है। वहीं नीमडीह के अंचल अधिकारी अभिषेक कुमार का तबादला करते हुए नीमडीह में अभय कुमार द्धिवेदी को पदस्थापित किया गया है। इसके साथ ही कुकडू के अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान का भी तबादला किया गया है, लेकिन कुकडू अंचल में किसी अंचल अधिकारी की पदस्थापना नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि चांडिल और नीमडीह के अंचल अधिकारियों को पदोन्नति मिला है। वहीं कुकडू के अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान को हजारीबाग जिले के कटकमदाग का अंचल अधिकारी बनाया गया है।
एक साल भी पुरा नहीं कर पाए कार्यकाल
सत्येंद्र नारायण पासवान कुकडू अंचल के पहले अंचल अधिकारी थे। उन्होंने 13 अगस्त 2024 को कुकडू अंचल में अंचल अधिकारी के पद पर अपना योगदान दिया था। एक साल पूरा होने के 13 दिन पहले ही सरकार ने उनका तबादला कर दिया। सरायकेला-खरसावां जिला में कुकडू प्रखंड सह अंचल कार्यालय का गठन वर्ष 2009 में किया गया था। इसके बाद से प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कभी एक साथ बीडीओ और सीओ की पदस्थापना नहीं हुई थी। जनता की मांग पर लंबे इंतजार के बाद पहली बार अंचल अधिकारी की पदस्थापना हुई थी, लेकिन एक साल भी अंचल अधिकारी पदस्थापित नहीं रह सके। विदित हो कि कुकडू सरायकेला-खरसावां जिले का आकांक्षी प्रखंड है।



