पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला के सरकारीकरण की मांग विधानसभा में उठी

रांची, 21 फरवरी : षष्ठम झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र के शून्यकाल के दौरान जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला के सरकारीकरण की मांग सदन में प्रमुखता से उठाई।
शुक्रवार को सदन में विधायक ने कहा कि जुगसलाई क्षेत्र के सुदूरवर्ती, ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल इलाके में स्थित यह महाविद्यालय उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। कॉलेज स्थायी संबद्धता प्राप्त है तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से ‘बी’ ग्रेड मान्यता हासिल कर चुका है। वर्तमान में यह झारखंड सरकार से अनुदानित है और सरकार द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक मानकों को पूरा करते हुए क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को निरंतर उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है।
उन्होंने सदन के माध्यम से राज्य सरकार से आग्रह किया कि लोकहित और जनहित को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय का शीघ्र सरकारीकरण किया जाए। इससे गरीब, ग्रामीण एवं आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
विधायक ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के व्यापक हित में सकारात्मक निर्णय लेते हुए इस मांग पर अविलंब कार्रवाई करेगी।



