जनदबाव रंग लाया: जयप्रकाश उद्यान सड़क से हटा ‘खतरे का पोल’, वार्ड 17 में राहत की सांस

आदित्यपुर, 16 फरवरी : नगर निगम वार्ड 17 स्थित जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण कार्य में लंबे समय से बाधा बन रहा बिजली का पोल आखिरकार सोमवार को हटा दिया गया। उपायुक्त के सख्त निर्देश के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क के बीचों-बीच खड़े पोल को हटाकर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया।
सड़क निर्माण के दौरान संवेदक द्वारा पोल को हटाए बिना ही उसके चारों ओर ढलाई कर दी गई थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी। स्थानीय लोगों में इसे लेकर रोष था और इसे प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक बताया जा रहा था।
इस मुद्दे को लेकर निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा लगातार सक्रिय रहीं। उन्होंने विभागीय स्तर पर कई बार पत्राचार कर पोल हटाने की मांग की, परंतु मामला लंबित रहा। स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने उपायुक्त को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। बताया जाता है कि उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि जयप्रकाश उद्यान सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने लंबा संघर्ष किया था। पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने इस प्रस्ताव को पिछली बोर्ड बैठक में पारित कराया था, लेकिन तकनीकी कारणों से यह निरस्त हो गया था। इसके बाद उन्होंने आंदोलन छेड़ा और आमरण अनशन पर बैठकर सड़क निर्माण की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद तकनीकी अड़चनें दूर हुईं और सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ।
अब सड़क निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और बीच सड़क में खड़ा बिजली का पोल भी हट चुका है। इससे स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने इस कार्रवाई के लिए उपायुक्त और क्षेत्रवासियों के सहयोग के प्रति आभार जताया है।



