महाशिवरात्रि पर दलमा पाठ शिव थान में निःशुल्क आवागमन की मांग, समिति ने वन विभाग को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

महाशिवरात्रि पर दलमा पाठ शिव थान में निःशुल्क आवागमन की मांग, समिति ने वन विभाग को सौंपा ज्ञापन

चांडिल, 11 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी को दलमा पहाड़ स्थित प्रसिद्ध पाठ शिव थान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम को लेकर दलमा पाठ शिव थान समिति ने क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक सह गज परियोजना पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने ज्ञापन के माध्यम से अनुरोध किया है कि महाशिवरात्रि के दिन दलमा स्थित माकुलाकोचा चेक नाका से श्रद्धालुओं के वाहनों के निःशुल्क आवागमन की अनुमति प्रदान की जाए।

 

समिति का कहना है कि हर वर्ष इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु दलमा पहाड़ स्थित पाठ शिव थान में पूजा-अर्चना एवं बूढ़ा बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में चेक नाका पर शुल्क मुक्त आवागमन की व्यवस्था से दूर-दराज से आने वाले भक्तों को आर्थिक राहत मिलेगी और आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि पाठ शिव थान क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा, अनुष्ठान और भंडारा का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान सुकलाल पहाड़िया, राधेश्याम सिंह सरदार, श्याम सिंह सरदार, सुषेण सिंह सरदार, देवनाथ सिंह सरदार एवं घासीराम सिंह सरदार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने प्रशासन से श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

समिति ने उम्मीद जताई है कि वन विभाग महाशिवरात्रि के अवसर पर आवश्यक अनुमति प्रदान करेगा, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो सके।

Share This Article