एनडीपीएस कांडों की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

सरायकेला, 5 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने गुरुवार को जिला अंतर्गत एनडीपीएस अधिनियम के तहत लंबित कांडों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, संबंधित थाना प्रभारी तथा कांडों के अनुसंधानकर्ता उपस्थित थे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एनडीपीएस मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कांडों का अविलंब निष्पादन करते हुए समय पर आरोप पत्र समर्पित करने तथा विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए लगातार निगरानी व कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



