शिक्षा से सियासत तक: वार्ड-16 में पूजा महतो की एंट्री से बदली चुनावी धड़कन

चांडिल, 01 फ़रवरी : झारखंड में नगर निकाय चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, कपाली नगर परिषद क्षेत्र में सियासी हलचल तेज होती जा रही है। वर्षों से लंबित बुनियादी सुविधाओं और धीमी रफ्तार विकास से जूझ रहे मतदाता इस बार बदलाव के मूड में नजर आ रहे हैं। इसी बीच कपाली नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 से एक नया नाम चर्चा के केंद्र में आ गया है—पूजा महतो। शिक्षिका की पहचान और साफ-सुथरी छवि के साथ चुनावी मैदान में उतरी पूजा महतो ने स्थानीय राजनीति में नई उम्मीद जगा दी है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक कपाली नगर परिषद चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प होने वाला है। अध्यक्ष पद के लिए जहां अब तक 10 संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा खरीदा है, वहीं 21 वार्डों के लिए कुल 109 पर्चों की बिक्री हो चुकी है। इस भीड़भाड़ भरे चुनावी परिदृश्य में वार्ड-16 से पूजा महतो की दावेदारी को एक अलग नजर से देखा जा रहा है। कपाली के केंदडीह निवासी पूजा महतो ने चांडिल प्रखंड सह अंचल कार्यालय से नामांकन पर्चा खरीदा है और उनके समर्थकों के अनुसार 3 फरवरी को वे विधिवत नामांकन दाखिल करेंगी।
गौरतलब है कि वार्ड संख्या 16 अनारक्षित महिला सीट है। पिछले चुनाव में यहां से चांदनी उरांव निर्वाचित हुई थीं, लेकिन इस बार जमीनी हालात बदले हुए नजर आ रहे हैं। क्षेत्र के मतदाताओं का कहना है कि अब वे ऐसे प्रतिनिधि की तलाश में हैं, जो सिर्फ वादों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर काम करता दिखे। सड़क, नाली, पेयजल और साफ-सफाई जैसे मुद्दे आज भी वार्ड की बड़ी समस्याओं में शामिल हैं।
पूजा महतो वर्तमान में कपाली के एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षिका हैं। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ाव ने उन्हें समाज के हर वर्ग के करीब पहुंचाया है। स्थानीय लोग मानते हैं कि एक शिक्षिका होने के नाते उनमें अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव स्वाभाविक रूप से मौजूद है। यही कारण है कि कम समय में ही उनकी उम्मीदवारी को लेकर युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
वार्ड-16 में पूजा महतो की एंट्री ने चुनावी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता शिक्षा और नए नेतृत्व की इस उम्मीद पर किस तरह भरोसा जताती है और मतपेटी में इसका क्या असर दिखाई देता है।



