भालूबासा सेंटर में प्रेमचंद की ‘घासवाली’ का प्रभावशाली मंचन, दिवंगत विभूतियों को दी गई श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भालूबासा सेंटर में प्रेमचंद की ‘घासवाली’ का प्रभावशाली मंचन, दिवंगत विभूतियों को दी गई श्रद्धांजलि

जमशेदपुर, 01 फरवरी : जमशेदपुर के भालूबासा सेंटर, टाटा स्टील फाउंडेशन परिसर में शनिवार को नाटक ‘घासवाली’ का सफल मंचन किया गया। महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद की कहानी पर आधारित इस नाटक का नाट्य रूपांतरण एवं निर्देशन ए. बाबू राव द्वारा किया गया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पांजलि अर्पण से हुई, जिसमें संस्था के मुख्य संरक्षक एवं झारखंड सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुधीर महतो की 12वीं पुण्यतिथि, प्रख्यात नाट्य ज्ञाता स्व. मूलचंद विश्वकर्मा तथा शहर के प्रसिद्ध संगीतकार स्व. रमेश दास को अतिथियों एवं कलाकारों द्वारा श्रद्धांजलि दी गई।

 

इसके पश्चात पूनम डांस एकेडमी के बच्चों ने देशभक्ति एवं लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 28 मिनट का नाट्य मंचन ‘घासवाली’ रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

नाटक में कलाकार अंगीता कालिंदी, दिशा कुमारी, राजेश कुमार, पवन कुमार, निरंजन कुमार सिंह, नेहा कुमारी, रौशनी कुमारी एवं नितिन कुमार ने सशक्त अभिनय किया।

कार्यक्रम के दौरान 26वीं अखिल भारतीय अंतर विद्यालय नाट्य, लोक नृत्य, गीत एवं वाद्य यंत्र प्रतियोगिता–2025 (12 से 14 दिसंबर) की सफलता पर संस्था के कलाकारों, स्कूलों के प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं उनके गुरुओं को सम्मानित किया गया।

अंत में मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा उनके कर-कमलों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम सांस्कृतिक गरिमा और भावनात्मक वातावरण के साथ संपन्न हुआ।

Share This Article