खलीहान में लगी आग, करीब 50 हजार रुपये का पुआल जलकर राख

ईचागढ़, 28 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बसाहातु टोला रोगली गांव में शनिवार को बुधु सिंह मुंडा के घर के पास स्थित खलीहान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा पुआल चक्की उसकी चपेट में आ गया और चारों ओर धुआं फैल गया।
गृहस्वामी और ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पुआल पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही सारा पुआल स्वाहा हो गया। हालांकि ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए पंपसेट लगाकर तथा पानी ढोकर आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित बुधु सिंह मुंडा ने बताया कि इस आगलगी में करीब 50 हजार रुपये मूल्य का पुआल जलकर नष्ट हो गया है। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बजरंग महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग लगने के कारणों की जांच शुरू की। समाचार लिखे जाने तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।



