होली पर्व को लेकर चौका थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

होली पर्व को लेकर चौका थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने पर जोर


चांडिल, 28 फरवरी : आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चौका थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों के साथ होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि होली खुशियों और सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी समुदाय आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ मनाएं। नशे की हालत में हुड़दंग करने, जबरन रंग लगाने, तेज आवाज में डीजे बजाने और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।

साथ ही, शांति समिति के सदस्यों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी, ताकि शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article