33 मामलों वाला ‘कालू सरदार गैंग’ बेनकाब, दो शातिर गिरफ्तार, तीन किशोर निरुद्ध

राजनगर सहित कई थानों की चोरी का खुलासा, लाखों के सामान बरामद
सरायकेला, 31 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत राजनगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ‘कालू सरदार गैंग’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना सुजित कुमार शर्मा उर्फ पुरी उर्फ कालू सरदार और उसके साथी सागर मुंडा को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
इसकी जानकारी देते हुए सरायकेला खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि यह कार्रवाई राजनगर थाना कांड संख्या 111/2025 (25.12.2025) के तहत की गई, जिसमें मोबाइल रिपेयरिंग दुकान और मेडिकल दुकान से नकदी, मोबाइल व अन्य सामानों की चोरी की शिकायत दर्ज थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर कांड का उद्भेदन किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला–खरसावां, पश्चिम सिंहभूम और पड़ोसी राज्य ओडिशा के मयूरभंज जिले में ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और पुलिस से बचने के लिए जगह बदलते रहते थे।
अब तक उद्भेदित कांडों में चक्रधरपुर, मुफ्फसिल (पंडरासाली) और राजनगर थाना के कई मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सुजित कुमार शर्मा पर कुल 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आरोपपत्र न्यायालय में समर्पित किए जा चुके हैं। वहीं सागर मुंडा के विरुद्ध भी पूर्व में कांड दर्ज है।
बरामदगी में दो मोबाइल, चांदी के पायल, नकद राशि, चोरी में प्रयुक्त औजार, आधार कार्ड की छायाप्रति और कांड में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (JH05DV-5205) शामिल हैं।
छापामारी दल में राजनगर थाना प्रभारी पुअनि विपुल कुमार ओझा, अनुसंधानकर्ता पुअनि नंदजी राम गोंड, पुअनि यशवंत कुमार, तकनीकी शाखा के कर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अन्य जिलों में दर्ज मामलों की भी पड़ताल कर रही है।



