घर खाली करने के विवाद में महिला गृहस्वामी पर खौलती दाल फेंकने का आरोप, मामला पुलिस तक पहुंचा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

घर खाली करने के विवाद में महिला गृहस्वामी पर खौलती दाल फेंकने का आरोप, मामला पुलिस तक पहुंचा

आदित्यपुर, 29 जून : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के डीवीसी मोड़ (धीराजगंज) स्थित लैंडमार्क सनराइज एन्क्लेव के समीप एक महिला गृहस्वामी पर उनके किराएदार द्वारा खौलती दाल फेंकने का मामला सामने आया है। घटना में महिला के चेहरे और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत आदित्यपुर थाना में की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी वैदेही शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके किराएदार जादूमणि साहू एवं उनकी पत्नी सोनी साहू वर्ष 2023 से उनके मकान में किराए पर रह रहे थे। बताया गया कि पिछले करीब एक वर्ष से वह किराएदार से मकान खाली करने का अनुरोध कर रही थीं।

आरोप है कि 25 जून को जब वैदेही शर्मा ने जादूमणि साहू से मकान खाली करने की समय-सीमा के संबंध में पूछताछ की, तो इस बात से नाराज होकर उन्होंने रसोई से खौलती दाल लाकर उनके चेहरे पर फेंक दी। इस घटना में महिला के चेहरे और शरीर का हिस्सा झुलस गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने दोनों पक्षों से बातचीत की तथा आरोपित किराएदार को मकान खाली करने का निर्देश दिया। इसके बाद किराएदार ने 24 घंटे के भीतर मकान खाली कर दिया।

पीड़ित परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आदित्यपुर थाना प्रभारी का आभार जताया है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने अथवा आगे की कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में दूसरे पक्ष का बयान भी सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article