नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती पर कदमा में श्रद्धांजलि, बन्ना गुप्ता ने किया माल्यार्पण

जमशेदपुर, 23 जनवरी : आजाद हिंद फौज के संस्थापक एवं देश की आज़ादी की लड़ाई के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर नेताजी विचार मंच की ओर से कदमा उलियान मेन रोड स्थित नेताजी सुभाष पार्क के समीप श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि देश की आज़ादी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नेताजी के बताए मार्ग पर चलकर युवा देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी में महात्मा गांधी के प्रति सम्मान भी था और देश को आज़ाद कराने का अदम्य साहस व जुनून भी।
उन्होंने नेताजी विचार मंच के आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि नेताजी की जयंती हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है, जिसके लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से नेताजी के आदर्शों को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन नेताजी विचार मंच के सचिव मनोज झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पकरासी दा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नेताजी विचार मंच के अध्यक्ष भोलानाथ नाथ गोस्वामी, एस. एम. भट्टाचार्जी, अचिंता रॉय, बलराम घोषाल, बी. बी. धार, प्रभात ठाकुर, राजू दास, बलजीत सिंह, माजिद अख्तर, कैलाश रजक, अमित प्रसाद, सोंटी रजक, राजकुमार दास, बापी साहू, राकेश अग्रवाल, राजा मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र सेवा का संकल्प दोहराया गया।



