शहीद प्रद्युम्न लोहार के परिजनों से मिले सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शहीद प्रद्युम्न लोहार के परिजनों से मिले सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने फोन पर जताई संवेदना, हर संभव सहयोग का दिया भरोसा

पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), 23 जनवरी : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सड़क दुर्घटना के दौरान शहीद हुए पुरुलिया के वीर सपूत शहीद प्रद्युम्न लोहार के परिजनों से पुरुलिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने आज उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। सांसद ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पूरा देश इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने दूरभाष पर शहीद के परिजनों से बात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि शहीद प्रद्युम्न लोहार का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा। रक्षा राज्य मंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि भारत सरकार इस कठिन समय में उनके साथ है और सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने शहीद के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों की बदौलत ही देश सुरक्षित है। उन्होंने शहीद के परिवार को हर स्तर पर सहयोग का भरोसा दिलाया तथा कहा कि वे स्वयं परिजनों के साथ निरंतर संपर्क में रहेंगे।

इस दौरान क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद प्रद्युम्न लोहार को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं लोगों की आंखें अपने वीर सपूत के बलिदान पर नम हैं।

देश शहीद प्रद्युम्न लोहार के सर्वोच्च बलिदान को नमन करता है और इस दुःख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है।

Share This Article