प्रभात फेरी निकाल कर यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा को लेकर दिया गया जन-जागरूकता का संदेश

सरायकेला, 19 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत आज जिले के एन.आर. स्कूल, सरायकेला में प्रभात फेरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस प्रभात फेरी में छात्र–छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से आम जनमानस को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” विषय पर आधारित नारे लगाए और सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक, सड़क सुरक्षा टीम तथा यातायात पुलिस के पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों एवं आम लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन संचालन से बचने, तथा पैदल यात्रियों व स्कूली बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से जिले के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सतत जन-आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का जीवन अमूल्य है, इसलिए यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने विशेष रूप से अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को प्रारंभ से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, नाबालिगों को वाहन संचालन से रोकें, तथा विद्यालय स्तर पर भी सड़क सुरक्षा से जुड़ी सकारात्मक आदतों को बढ़ावा दें। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



