आदित्यपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

आदित्यपुर, 18 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर करारा प्रहार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध फैलाने की कोशिश कर रहे तत्वों में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी को आदित्यपुर बस्ती निवासी दीपक मिश्रा ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक उन्हें धमकी दे रहा है और उसके पास अवैध हथियार है। शिकायत के आधार पर आदित्यपुर थाना में आर्म्स एक्ट समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 17 जनवरी को ओल्ड विद्युत नगर इलाके में छापेमारी की, जहां से 24 वर्षीय राहुल पंडित को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। पूछताछ में राहुल पंडित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2023 और 2024 में उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस को आशंका है कि राहुल पंडित किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी की सराहना की है।

Share This Article