उपायुक्त की अध्यक्षता में आत्मा गवर्निंग बोर्ड (AGB) की बैठक संपन्न, वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला प्रसार कार्य योजना को मिली स्वीकृति

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

किसानों के प्रशिक्षण, अध्ययन भ्रमण, मिलेट संवर्धन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार पर विशेष जोर

जमशेदपुर, 29 जुलाई : समाहरणालय सभागार में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (ATMA), पूर्वी सिंहभूम की गवर्निंग बोर्ड (AGB) की बैठक उपायुक्त सह अध्यक्ष, आत्मा गवर्निंग बोर्ड राजीव रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आत्मा द्वारा संचालित विभिन्न कृषक हितैषी गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित जिला प्रसार कार्य योजना (District Extension Work Plan) को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

बैठक के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। गवर्निंग बोर्ड ने किसानों की क्षमता वृद्धि एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रभावी प्रसार को ध्यान में रखते हुए विभिन्न किसानोन्मुखी कार्यक्रमों को स्वीकृति प्रदान की।

स्वीकृत गतिविधियों में किसानों के अंतर्राज्यीय, राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम, अंतर्राज्यीय, राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय अध्ययन भ्रमण (Exposure Visit), मोटे अनाज (मिलेट) आधारित प्रदर्शन कार्यक्रम, फार्म स्कूल का संचालन, पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर किसान गोष्ठियों का आयोजन, किसान-वैज्ञानिक संवाद (Farmer-Scientist Interaction), जिला स्तरीय किसान मेला तथा उत्कृष्ट कृषकों को किसान पुरस्कार प्रदान करना शामिल है।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जलवायु अनुकूल खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन, जैविक खेती, मोटे अनाजों के उत्पादन तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए प्रशिक्षण, प्रदर्शन एवं अध्ययन भ्रमण कार्यक्रमों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

गवर्निंग बोर्ड ने जिले में रागी सहित अन्य मोटे अनाज (मिलेट) फसलों के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदर्शन कार्यक्रमों के संचालन को भी स्वीकृति प्रदान की।

किसानों तक कृषि संबंधी सूचनाओं एवं विभागीय योजनाओं की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रचार-प्रसार गतिविधियों को भी स्वीकृति दी गई। इसके अंतर्गत कृषि आधारित लघु फिल्म का निर्माण, सूचना पुस्तिका, पंपलेट, लीफलेट, प्रगतिशील किसानों की सफलता की कहानियों पर आधारित कृषि पत्रिका (मैगजीन) सहित अन्य जन-जागरूकता सामग्रियों के प्रकाशन, मुद्रण एवं वितरण का निर्णय लिया गया। इन माध्यमों से किसानों को विभागीय योजनाओं, उन्नत कृषि तकनीकों तथा सफल कृषकों के अनुभवों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वीकृत सभी गतिविधियों का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि जिले के अधिक से अधिक किसान इन कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर सकें।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक, वरीय वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, सह निदेशक, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, सचिव, बाजार समिति, जिला पशुपालन सह गव्य विकास पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला विकास प्रबंधक (नाबार्ड), तथा आत्मा गवर्निंग बोर्ड के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article