कैरव गांधी लापता मामले में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता परिजनों से मिले, पुलिस से शीघ्र कार्रवाई का आग्रह

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कैरव गांधी लापता मामले में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता परिजनों से मिले, पुलिस से शीघ्र कार्रवाई का आग्रह

 

जमशेदपुर, 15 जनवरी : शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी एवं एशिया (ASIA) के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के लापता होने की खबर से पूरे शहर में चिंता और दहशत का माहौल है। इसी कड़ी में आज झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता बिष्टुपुर स्थित देवांग गांधी के आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।

 

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे जमशेदपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है, जिसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।

परिजनों से मुलाकात के बाद बन्ना गुप्ता ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने जांच की प्रगति की जानकारी लेते हुए मामले के त्वरित और प्रभावी निष्पादन का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए सभी संभावित पहलुओं—साइबर, तकनीकी और जमीनी स्तर—पर सघन जांच जरूरी है।

पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि जिस तरह से फिरौती की मांग और विदेशी नंबर से कॉल आने की बातें सामने आ रही हैं, वह मामले को और भी गंभीर बनाती हैं। ऐसे में पुलिस को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सच्चाई जल्द से जल्द सामने आ सके।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से यह अपेक्षा भी जताई कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जाए और परिजनों को समय-समय पर प्रगति की जानकारी दी जाए। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों में भी घटना को लेकर चिंता देखी गई।

उल्लेखनीय है कि कैरव गांधी के लापता होने की घटना के बाद से पुलिस द्वारा विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है। शहरवासियों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं और सभी कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।

Share This Article