प्राचीन सीता पांज मेला : संस्कृति, प्रकृति और आजीविका का साझा मंच – पाइका नृत्य ने दर्शकों को रिझाया

ईचागढ़, 14 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत चोगा–चिमटिया–चितरी के मध्य स्थित प्रसिद्ध सीता पांज पर्यटन स्थल में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को प्राचीन सीता पांज मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का संचालन कलामंदिर, जमशेदपुर एवं सीता पांज मेला समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
मेले का विधिवत उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रत्नाकर भेंगरा, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, चिमटियां पंचायत के मुखिया अभिराम हेम्ब्रम सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
यह मेला केवल पारंपरिक सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जन-जंगल-जमीन, जैव-विविधता संरक्षण और टिकाऊ आजीविका के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावशाली माध्यम बना।




