INDIAone की जमशेदपुर–कोलकाता व भुवनेश्वर हवाई सेवा बंद होने की आशंका, RCS विस्तार पर टिकी निगाहें

जमशेदपुर, 08 जनवरी : जमशेदपुर से कोलकाता एवं भुवनेश्वर के बीच संचालित INDIAone Air की हवाई सेवाएं बंद होने की कगार पर हैं। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को ईमेल के माध्यम से जानकारी दी है कि केंद्र सरकार की आरसीएस (रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम) की वैधता समाप्त होने वाली है। यदि इस योजना का विस्तार नहीं हुआ, तो जमशेदपुर–कोलकाता हवाई सेवा 31 जनवरी से तथा जमशेदपुर–भुवनेश्वर सेवा 28 फरवरी से बंद कर दी जाएगी।
बताया गया है कि आरसीएस योजना समाप्त होने के साथ ही टाटा कंपनी द्वारा सोनारी एयरपोर्ट पर दी जा रही आर्थिक रियायतों का करार भी खत्म हो जाएगा। ऐसे में INDIAone Air के पास सेवाएं जारी रखने का कोई अन्य विकल्प नहीं बचेगा।
इस मुद्दे को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षडंगी ने टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन से मुलाकात की। उन्होंने आग्रह किया कि जब तक धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक सोनारी एयरपोर्ट पर INDIAone Air को दी जा रही रियायतें जारी रखी जाएं। साथ ही रनवे विस्तार कर एटीआर विमानों के संचालन की सुविधा बहाल करने की मांग भी रखी।
टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने आश्वासन दिया कि यदि केंद्र सरकार जमशेदपुर के लिए आरसीएस योजना का विस्तार करती है, तो टाटा कंपनी लैंडिंग चार्ज, पार्किंग चार्ज और टर्मिनल प्रबंधन से जुड़े खर्चों को पहले की तरह वहन करती रहेगी। उन्होंने बताया कि सोनारी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को लेकर पहल शुरू कर दी गई है और तकनीकी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुणाल षडंगी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करेंगे कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से वार्ता कर समय रहते आरसीएस योजना का विस्तार कराया जाए, ताकि जमशेदपुरवासियों की यह महत्वपूर्ण हवाई सुविधा बंद न हो।



