नीमडीह : एसएम स्टील जनसुनवाई के विरोध में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, अंचल अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह : एसएम स्टील जनसुनवाई के विरोध में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, अंचल अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नीमडीह, 06जनवरी : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह अंचल कार्यालय परिसर में मंगलवार को प्रस्तावित एसएम स्टील परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। संयुक्त ग्रामसभा के बैनर तले बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष एकजुट होकर सड़क पर उतरे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।

प्रदर्शन के पश्चात ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने नीमडीह अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि जनसुनवाई की प्रक्रिया में स्थानीय लोगों की सहमति और हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक परियोजना से पूर्व संबंधित ग्रामसभाओं की स्पष्ट और लिखित मंजूरी अनिवार्य होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाहरी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय संसाधनों को खतरे में डाला जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि प्रस्तावित जनसुनवाई की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए तथा ग्रामसभा की सहमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्णय न लिया जाए। साथ ही, प्रभावित गांवों के हितों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मौके पर कई ग्राम प्रधानों सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।

Share This Article