अनियंत्रित होकर ऐतिहासिक बांका महादेव मंदिर में घुसा पिकअप वैन, तीन घायल, मंदिर क्षतिग्रस्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अनियंत्रित होकर ऐतिहासिक बांका महादेव मंदिर में घुसा पिकअप वैन, तीन घायल, मंदिर क्षतिग्रस्त

ईचागढ़, 04 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना अंतर्गत ईचागढ़ और लेपांटंड गांव के बीच स्थित ऐतिहासिक बांका महादेव मंदिर में रविवार को एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर घुस गई। हादसे में वाहन चालक समेत वाहन में सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि मंदिर का पीलर और दीवार ध्वस्त हो गई। दुर्घटना में मंदिर परिसर में स्थापित नंदी महाराज को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिकअप वैन तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सीधे मंदिर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि दुर्घटना में बांका महादेव को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है। सौभाग्य से हादसे के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालु मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में वाहन का चालक वाहन के अंदर ही फंस गया था, जिसे लोगों को कड़ी मेहनत के बाद बाहर निकाला। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए पातकुम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू किया। घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति ने क्षतिग्रस्त मंदिर का शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की है।

Share This Article