मरीन ड्राइव में आधी रात पुलिस मुठभेड़, बिंदल मॉल फायरिंग कांड के दो आरोपी का हाफ एनकाउंटर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 07 अक्टूबर : सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में बुधवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस और बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग कांड से जुड़े दो आरोपियों के बीच कथित मुठभेड़ हुई। घटना में आरोपी मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, बिंदल मॉल फायरिंग मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम उन्हें पकड़ने के लिए मरीन ड्राइव पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर फायरिंग की।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल बरामद करने का दावा किया है।

मुठभेड़ की सूचना के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अब घायल आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग कांड में उनकी भूमिका, हथियारों के स्रोत और अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Share This Article